कारोबारी मुकेश अंबानी के घर के पास खड़ी कार में विस्फोटकों की बरामदगी के मामले की जांच कर रहे दल का नेतृत्व मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के एक अधिकारी करेंगे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस मामले को छह दिन बीत चुके हैं और पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
एसयूवी के अंदर एक पत्र भी था जिसमें कथित तौर पर अंबानी और उनके परिवार को धमकी दी गई थी। पुलिस ने अब तक की जांच में किसी भी तरह के आतंकी कोण को खारिज किया है। अधिकारी ने कहा कि इस मामले में तफ्तीश के लिये अपराध शाखा ने विशेष इकाइयों समेत 10 दल बनाए हैं। उन्होंने बाताया कि अब तक 30 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।