एसिड अटैक में गंभीर रूप से झुलसी युवती ने दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह दो महीने से जिंदगी और मौत से लड़ रही थी। दो माह पहले थाना गोविंदनगर क्षेत्र के अर्जुनपुरा की गली शोर में एक युवक के एसिड फेंकने पर युवती झुलस गई थी।
थाना गोविंदनगर पुलिस ने 15 जुलाई को आरोपी इरशाद को पकड़कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी इंद्रेश भदौरिया ने बताया कि युवती का राममनोहर लोहिया में इलाज चल रहा था। उसकी मंगलवार को मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव देर शाम मथुरा लाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी युवक को पुलिस ने जेल भेज दिया था। युवती ने मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में आरोपी युवक की मां, बहन और ताई का भी नाम लिया था। इन तीनों की तलाश की जा रही है। कई जगह दबिश भी दी गई लेकिन वह हाथ नहीं लगे। ह्यूमन राइट्स एसोसिएशन फॉर प्रोएक्शन के पूर्व जिलाध्यक्ष हाशिम खान ने एसिड अटैक के बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। एसएसपी से हत्या का मुकद्दमा दर्ज किए जाने की मांग की है।