कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी को लेकर खबर आई है कि वह एक किताब लिख रही हैं। न्यूज वेवसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक 'अंगेस्ट आउटरेज' नाम की इस किताब के लिए प्रकाशक ने प्रियंका को एक करोड़ रुपये बतौर एडवांस के तौर पर दिए हैं। प्रियंका को किताब की पाण्डुलिपि को मार्च 2019 तक जमा करने को कहा गया है और किताब का विमोचन 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले होगा।
सूत्रों के मुताबिक किताब हिंदी, अंग्रेजी सहित भारत की क्षेत्रीय भाषाओं में भी प्रकाशित होगी। इसके अलावा किताब को ऑडियो बुक के रूप में भी पेश किया जाएगा। 300 पन्नों वाली इस किताब में प्रियंका राजनीति पर अपने विचारों के बारे में लिखेंगी। इस किताब के जरिए वह अपने राजनीतिक दृष्टिकोण को दुनिया तक पहुंचाएंगी।
हालांकि प्रियंका की तरफ से इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा गया है। वहीं जानकारों का मानना है कि अगले साल अप्रैल और मई में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए इस किताब का इस्तेमाल कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी बनाम पीएम मोदी के तौर पर किया जा सकता है।