दीव में छुट्टियां मना रहे गुजरात के रहने वाले पति-पत्नी (जोड़ा) रविवार की सुबह नागोआ समुद्र तट पर पैरासेलिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गए। नाव से बंधी उनकी रस्सी टूटने के बाद वह दोनों ही समुद्र में गिर गए। गनीमत यह रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई और दोनों ही फिलहाल सकुशल हैं। दोनों को लाइफगार्ड्स ने समुद्र से बाहर निकाला और किनारे पर पहुंचाया। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, अजीत कथाड और उनकी पत्नी सरला समुद्र के बीच हवा में कई मीटर ऊपर हवा में तैर रहे थे, तभी उनके पैराशूट की रस्सी मोटरबोट से टूट गई और जिसके बाद वे नीचे की ओर तेजी से समुद्र में गिरने लगे।
परंतु कुछ ही देर में उनकी नाव से बंधी रस्सी टूट जाती है। ऐसे में दोनों तुरंत ही नीचे समुद्र में गिर जाते हैं। इस घटना के बाद वीडियो बनाने वाले अजीत के भाई राकेश ने कहा कि मैं वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था और मुझे नहीं पता था कि रस्सी टूटने पर क्या करना चाहिए। मैं अपने भाई और भाभी को बहुत ऊंचाई से गिरते हुए नहीं देख सकता था। मैंने अपने आपको कभी इतना असहाय महसूस नहीं किया जितना मैंने उस पल किया। राकेश ने यह भी कहा कि मैंने देखा था कि रस्सी कमजोर और खराब हो चुकी है। हालांकि, सवारी का प्रबंधन करने वाले लोगों ने उन्हें आश्वासन दिया कि कुछ नहीं होगा।