पैनासोनिक इंडिया के प्रेसीडेंट एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मनीष शर्मा ने कहा कि कंप्रेशर की कीमतों में बढ़ोतरी से निश्चित तौर पर रेफ्रिजरेटरों व एयरकंडीशनरों की कीमतें बढ़ेंगी, जिसका बाजार की धारणा पर असर होगा। लेकिन, आगामी त्योहारी सीजन के उल्लास को बरकरार रखने के लिए लागत में हुई बढ़ोतरी का बोझ ग्राहकों पर नहीं पड़ने देंगे। हम त्योहारी सीजन के बाद ही कीमतों में संशोधन पर विचार करेंगे।
गोदरेज अप्लायंसेज के बिजनेस हेड एवं कार्यकारी वाइस प्रेसीडेंट कमल नंदी ने कहा कि औद्योगिक स्तर पर त्योहारी सीजन के लिए अधिकतर वस्तुओं व तैयार माल का आयात पहले ही किया जा चुका है, इसलिए हमें त्योहारी सीजन में ही उनकी कीमतों में बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।
अगर थोड़ा बहुत असर होता है, तो उत्पादक कंपनियां लागत में आई वृद्धि को उपभोक्ताओं पर जहां तक संभव होगा, नहीं डालने का प्रयास करेंगी, ताकि त्योहारी सीजन की धारणा पर कोई असर नहीं पड़े। कीमतों में वृद्धि आयात की अगली खेप आने के बाद की जाएगी और कंपनी अभी कीमतें नहीं बढ़ाएंगी, ताकि त्योहारी सीजन को लेकर लोगों में जो उल्लास है, उसपर कोई फर्क नहीं पड़े।
कंपनियां पिछले डेढ़ महीने से मार्केटिंग व ब्रांडिंग पर भी खर्च कर रही हैं। हायर इंडिया के प्रेसीडेंट एरिक ब्रगांजा ने कहा कि त्योहारी सीजन बढ़िया होना चाहिए। सीमा शुल्क में बढ़ोतरी के बावजूद इसे लेकर हम बेहद आशान्वित हैं।
कुल मिलाकर हम त्योहारी सीजन के दौरान मार्केटिंग पर 40 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं। पैनासोनिक इंडिया के सीईओ ने कहा कि मार्केटिंग की योजना व लक्ष्य योजना के अनुसार आगे बढ़ेगा और त्योहारी सीजन के दौरान मांग पूरी करने के लिए वे पहले ही माल स्टॉक कर चुके हैं।