दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव (DUSU Election) के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और एनएसयूआई (NSUI) ने अपने पैनल की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही अगले एक हफ्ते तक दिल्ली विश्वविद्यालय में चुनावों के माहौल का आगाज हो चुका है। एबीवीपी छात्रों के बीच अपने काम, राष्ट्रवादी विचारधारा और केंद्र सरकार के कामों की उपलब्धियों का बखान कर छात्रों को अपने साथ जोड़ने में लगी है, तो एनएसयूआई यूनिवर्सिटी में बदलाव की बात कर रही है। उसे उम्मीद है कि देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितिय़ों में युवा छात्र उसे ही चुनेंगे.
भाजपा की विचारधारा से जुड़े छात्र संगठन एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए बाक्सिंग के खिलाड़ी अक्षित दहिया को उतारा है। वे दिल्ली के जाट समुदाय से हैं और कानून के छात्र हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए देशबंधु कालेज के मए हिंदी के छात्र प्रदीप तंवर अपनी किस्मत आजमाएंगे। एबीवीपी ने सेक्रेटरी पद के लिए योगित राठी को मैदान में उतारा है जो बागपत के जाट समुदाय से हैं। ज्वाइंट सेक्रेटरी पद के लिए शिवांगी भी बुद्धिस्ट स्टडीज की छात्रा हैं, जो दिल्ली के राजपूत परिवार से हैं।
एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद के लिए शहीद भगत सिंह की तैराकी की खिलाड़ी और छात्रा चेतना त्यागी (19) को मौका दिया है। बीए प्रोग्राम तृतीय वर्ष की स्टूडेंट चेतना मूल रुप से दिल्ली से हैं। एनएसयूआई ने 2011 के बाद पहली बार किसी महिला उम्मीदवार को उतारा है। उपाध्यक्ष पद के लिए बुद्धिस्ट स्टडीज के छात्र अंकित भारती को मौका दिया है। वे अनुसूचित समाज से आते हैं। सेक्रेटरी पद के लिए उम्मीदवार आशीष लांबा इंटरनेशनल हाकी खिलाड़ी हैं। राजस्थान के चूरु से आने वाले आशीष किसान परिवार से हैं। वहीं ज्वाइंट सेक्रेटरी पद के लिए अभिषेक चपराना गुर्जर समुदाय से हैं। वे बुद्धिस्ट स्टडीज के छात्र हैं और हरियाणा के फरीदाबाद से आते हैं।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने कहा कि विश्वविद्यालय में पढ़ते हुए छात्रों के व्यक्तिगत हित उनके लिए ज्यादा महत्वपूर्ण हैं और चाहते हैं कि छात्रों का पढ़ाई का बोझ कम हो और वे अपनी गैर-शैक्षिक प्रतिभाओं को भी उभार सकें। जीत के बाद एनएसयूआई इन्हीं मुद्दों पर काम करेगी।