जन धन योजना के अंतर्गत खुले खातों के माध्यम से दूसरे लोगों का काला धन खपाने वालों पर आरबीआई का डंडा चलने लगा है। आरंभिक जानकारी मिली है कि नोटबंदी के बाद संभल के विभिन्न बैंकों में जनधन के सात हजार खातों में एकाएक पचास हजार से ज्यादा रुपये जमा कराए गए। इससे पूर्व इन खातों में धेला भी नहीं था।
इन खातों को ब्लॉक कर दिया गया है। सभी खाताधारकों को नोटिस जारी कर रुपये का स्रोत बताने को कहा गया है। अगले आदेश तक इन खातों से जमा-निकासी का कोई लेनदेन नहीं होगा। जिले में 3 लाख 91 हजार जन धन खाते खोले गए हैं।
नोट बंदी से पहले केंद्र सरकार की योजना के तहत जगह-जगह बूथ लगाकर जन धन योजना के खाते खोले गए थे। आठ नवंबर तक इनमें से अधिकांश खाते खाली थे। लेकिन नोटबंदी के आदेश के बाद इन खातों में अचानक पैसे जमा होने शुरू हो गए।