27 नवंबर 1980 को जन्मे तासीर ब्रिटिश मूल के पत्रकार और लेखक हैं। उनकी मां भारतीय पत्रकार तवलीन सिंह हैं। उनके पिता का नाम सलमान तासीर है जो पाकिस्तानी राजनेता और व्यवसायी हैं। तासीर नई दिल्ली में पले-बढ़े हैं। उन्होंने तमिलनाडु के कोडईकनल से अपनी स्कूली पढ़ाई की है।
इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए मैसाचुएट्स के एमहर्स्ट कॉलेज चले गए। 2001 में उन्होंने फ्रेंच और राजनीति विज्ञान में कला स्नातक की दोहरी डिग्री प्राप्त की। वह टाइम पत्रिका के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर काम करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लेख लिखने की वजह से वह चर्चा में आए थे।
भारतीय संसद ने साल 2003 में नागरिकता संशोधन विधेयक पारित कर विदेशों में बसे भारतीय मूल के लोगों को भारत की नागरिकता प्रदान करने का प्रावधान किया है। इसे ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया के नाम दिया गया है। जिसे बोलचाल में दोहरी नागरिकता के नाम से जाना जाता है।
इसके अनुसार, भारतीय मूल का कोई भी व्यक्ति जो संविधान लागू होने के बाद भारत या उसके किसी राज्य क्षेत्र का नागरिक रहा हो और जिसने पाकिस्तान और बांग्लादेश के अलावा किसी अन्य देश की नागरिकता ग्रहण कर ली है, नागरिकता अधिनियम 1955 के अधीन पंजीकरण करा सकता है। यदि उसके देश में दोहरी नागरिकता का प्रावधान है।
पंजीकरण के बाद अगर व्यक्ति पांच साल में से एक साल भारत में रहता है तो उसे भारत की नागरिकता मिल सकती है। वर्तमान में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया सहित 16 देशों में बसे भारतीय मूल के लोगों को दोहरी नागरिकता प्रदान की जा सकती है। क्योंकि, इन देशों के नागरिक दोहरी नागरिकता ले सकते हैं।