एक नेता के आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने पर बवाल हो गया है। एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी के दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी की सिंधी सेल का एक नेता अपनी छोड़ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गया है, वहीं भाजपा ने कहा है कि उनकी पार्टी में सिंधी सेल नाम की कोई शाखा नहीं है और आम आदमी पार्टी यह झूठा शिगूफा छोड़ रही है।
इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब आम आदमी पार्टी में महेंद्र कुमार संपाल नाम के एक व्यक्ति ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी ज्वाइन कर ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने महेंद्र कुमार संपाल को अपने आवास पर पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस जोइनिंग कार्यक्रम के बाद आप ने दावा किया कि उसकी लोकप्रियता के कारण भाजपा के कार्यकर्ता अपनी पार्टी छोड़ अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़ रहे हैं।
विज्ञापन
लेकिन जैसे ही यह खबर भाजपा नेताओं के पास पहुंची, लोग यह सुनकर चौंक गए। क्योंकि भाजपा की केंद्रीय शाखा से लेकर दिल्ली प्रदेश इकाई तक में ऐसी कोई शाखा नहीं है। फिर ऐसा कौन है जो स्वयं को भाजपा नेता बताकर आप ज्वाइन कर रहा है।
भाजपा दिल्ली प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी का शर्मनाक रवैया है जहां वह ऐसे लोगों को भी भाजपा नेता बताकर अपनी पार्टी ज्वाइन करा रही है जो कभी भाजपा में रहे ही नहीं हैं। कपूर ने बताया कि दिल्ली प्रदेश में सिंधी सेल जैसा कोई मोर्चा कभी भी अस्तित्व में नहीं रहा है। ऐसे में यह केजरीवाल की शर्मनाक झूठी राजनीति है।
विज्ञापन
उन्होंने आगे कहा कि इसी से यह साबित होता है कि वे किस प्रकार की राजनीति कर स्वयं को स्थापित करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उक्त नाम का कोई आदमी भाजपा के किसी पद पर भी नहीं रहा है, इसलिए इस तरह की राजनीती करने के लिए आम आदमी पार्टी को माफी मांगनी चाहिए।