हरियाणा की सैनी सरकार पर निशाना साधते हुए आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा, भाजपा सरकार का बड़ा वादा निकला झूठा, अब सिर्फ 1 लाख इनकम वालों तक सीमित लाडो लक्ष्मी योजना है।
हरियाणा की लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सरकार ने महिलाओं के साथ वादाखिलाफी की है और यह योजना बीजेपी के चुनावी जुमलों की एक और मिसाल है।
विज्ञापन
ढांडा ने आरोप लगाया कि हरियाणा की 1.4 करोड़ महिलाओं में से सिर्फ चुनिंदा को ही इसका लाभ मिलेगा, जबकि विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने हर महिला को 2100 रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों की आय सीमा 1.80 लाख रुपये सालाना है, मगर योजना में केवल 1 लाख रुपये आय तक की महिलाओं को शामिल किया गया है। इससे बड़ी संख्या में पात्र महिलाएं भी बाहर हो जाएंगी।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब वोट देने की उम्र 18 साल है, तो योजना में 23 साल की शर्त क्यों रखी गई है? कॉलेज जाने वाली युवतियों को इससे बाहर कर सरकार ने उनका अधिकार छीना है। साथ ही, यदि परिवार की किसी महिला को पहले से पेंशन या किसी अन्य योजना का लाभ मिल रहा है, तो उसी परिवार की दूसरी महिलाएं इस योजना से वंचित रहेंगी।
विज्ञापन
ढांडा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब हकीकत यह है कि मुश्किल से 10% महिलाएं ही लाभ ले पाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि हरियाणा की महिलाएं इस छलावे का जवाब आने वाले चुनावों में अवश्य देंगी।