आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने कहा है कि पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवादी भेजता है, उनके द्वारा हमारे सैनिकों और नागरिकों की हत्याएं कराता है, इसके बावजूद सरकार उसे वैक्सीन भेजने की तैयारी क्यों कर रही है?
चड्ढा ने आगे कहा कि केंद्र सरकार पाकिस्तान को यह वैक्सीन तब भेज रही है, जब हमारे ही देश के अनेक राज्यों के पास अपने ही नागरिकों के लिए पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पाकिस्तान को वैक्सीन भेजने का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए और देश के सभी राज्यों को उचित मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराई जाए।
राघव चढ्ढा ने कहा कि भारत सरकार पाकिस्तान को छह करोड़ वैक्सीन के डोज निर्यात करने जा रही है। इस निर्णय को बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने वैक्सीन के 6.45 करोड़ डोज 84 देशों को निर्यात कर दिए हैं।
राज्यों के पास टीकों की किल्लत
आप नेता ने कहा कि आंध्र प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड के पास केवल 2 दिन, ओडिशा के पास 4 दिन और छत्तीसगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना के पास केवल 5 दिन के वैक्सीन डोज बचे हैं। वैक्सीन के डोज खत्म होने से पुणे में 109, मुंबई में 26 और ओडिशा में 700 से अधिक वैक्सीनेशन सेंटर बंद हो चुके हैं।
विदेशों में छवि चमकाना चाहती है सरकार
चढ्ढा ने कहा कि एक तरफ सरकार विदेशों में अपनी छवि चमकाना चाहती है, वहीं वह यह नहीं देख रही है कि विदेश की सरकारें अपने नागरिकों को ही वैक्सीन लगा रही हैं। अब तक अमेरिका ने अपनी पूरी आबादी को दो बार, ब्रिटेन ने तीन बार, कनाडा ने साढ़े तीन बार, हंगरी ने ढाई बार अपने देश की पूरी आबादी को वैक्सीन लगाने का इंतजाम कर लिया है।