भाजपा कांग्रेस और आप के समर्थक
- फोटो : अमर उजाला
गुजरात में इस समय आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनैतिक पार्टियों में लड़ाई चल रही है। वही, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा हाल ही में नोटों पर हिंदू देवताओं की तस्वीरें छापने की अपील के बीच गुजरात में फोटो विवाद गहरा गया है। इस मुद्दे की गूंज अब गुजरात विधानसभा चुनावों के प्रचार में सुनाई दे रही है। शुक्रवार को दिल्ली सीएम केजरीवाल की इस मांग के बीच गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस ने पंजाब सरकार द्वारा सरकारी कार्यालयों से महात्मा गांधी की तस्वीरें हटाने के लिए आम आदमी पार्टी की आलोचना की।
नोटों पर भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी की तस्वीरें छापने की केजरीवाल की मांग को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टिया आम आदमी पार्टी और उन पर हमलावर हैं। इसी विरोध के क्रम में शुक्रवार को गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि लोगों को सतर्क रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि 'आप' सरकारी दफ्तरों की तरह नोटों से महात्मा गांधी की तस्वीर न हटाए। उन्होंने पाटन में कहा कि आप ने सत्ता में आने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ-साथ उत्तरी राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों से गांधीजी की तस्वीरें हटा दी हैं। अब लोगों को इसके लिए सतर्क रहने की जरूरत है।
कांग्रेस भी इस मुद्दे पर आप के विरोध में
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कांग्रेस ने गुजरात चुनावों के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया है। इस मुद्दे पर उन्होंने भी आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने पंजाब में कार्यालयों से महात्मा गांधी की तस्वीरों को हटाने पर आप की खिंचाई की। अशोक गहलोत ने कहा कि गुजरात महात्मा गांधी की भूमि है। वह दुनिया भर के लोगों द्वारा पूजनीय हैं,लेकिन, आप ने पंजाब में सरकारी कार्यालयों से गांधीजी की तस्वीरें हटा दी हैं। उन्हें इस राज्य (गुजरात) में वोट मांगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने पंजाब में जो किया उसके बाद गुजरात के लोगों को उन्हें बाहर निकालने की जरूरत है।
केजरीवाल गुजरात में कर रहे ताबड़तोड़ प्रचार
गौरतलब है कि दिल्ली के बाद पंजाब की सत्ता पर कब्जा जमाने के बाद आम आदमी पार्टी के हौंसले बुलंद हैं। ऐसे में आप ने खुद को सत्तारूढ़ भाजपा के मुख्य दावेदार के रूप में स्थापित किया है। इसके राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राज्य में आक्रामक रूप से प्रचार कर रहे हैं। इसी क्रम में वे शुक्रवार को पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान एक रैली को संबोधित करने के लिए गुजरात के पंचमहल जिले में पहुंचे थे।