आम आदमी पार्टी ने निर्वाचन आयोग से गृह मंत्री अमित शाह के चुनाव प्रचार पर 48 घंटे की रोक लगाने की मांग की है। संजय सिंह ने अमित शाह पर दिल्ली सरकार के स्कूल का फर्जी वीडियो ट्वीट करने का आरोप लगाया है।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह और पंकज गुप्ता ने निर्वाचन आयोग से भाजपा नेताओं पर दिल्लीवालों को गलत तरीके से बदनाम करने के लिए दिल्ली सरकार के स्कूल का फर्जी वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया है।
आप ने निर्वाचन आयोग से की गई शिकायत में भाजपा सांसद गौतम गंभीर, प्रवेश वर्मा और हंस राज हंस पर दिल्ली सरकार के स्कूलों की गलत तस्वीर पेश करने के लिए 'फर्जी और मनगढ़ंत' वीडियो जारी करने का आरोप लगाया है। आप ने भाजपा के इन तीनों सांसदों पर भी कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दावा किया था कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से शहर के सरकारी स्कूलों में कथित खामियां उजागर करने के लिए जारी किए गए वीडियो फर्जी हैं।