अहमदाबाद विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट दो दिन में सार्वजनिक की जाएगी। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति को यह जानकारी दी है। इसके साथ ही एएआईबी अधिकारियों ने समिति को यह भी बताया कि विमान का ब्लैक बॉक्स और वॉयस रिकॉर्डर सही सलामत है। उसके डेटा की जांच की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि हादसे को लेकर अभी तक किसी भी रिपोर्ट को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। एएआईबी के महानिदेशक जीवीजी युगंधर ने समिति को बताया कि विमान दुर्घटना के 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट अपलोड कर दी जाएगी।
जदयू सांसद संजय कुमार झा की अध्यक्षता वाली संसदीय समिति की कार्यवाही में विमानन सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं हावी रहीं। इस दौरान आधिकारिक एजेंसियों, एयरलाइंस और अन्य हितधारकों सहित क्षेत्र से जुड़े 97 से अधिक प्रतिनिधियों ने दिनभर की बैठक में सांसदों के साथ विचार साझा किए।
सूत्रों ने बताया कि एएआईबी ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को कोई प्रारंभिक रिपोर्ट नहीं सौंपी है। आईसीएओ के नियमों के अनुसार, एएआईबी दुर्घटना के 30 दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट मंत्रालय को सौंप सकता है। झा ने बैठक को बहुत व्यापक और गहन बताया। कहा कि सभी हितधारकों ने चर्चा में भाग लिया और पैनल के सदस्यों के प्रश्नों के उत्तर दिए।
एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान, जो लंदन गैटविक के लिए उड़ान संख्या एआई 171 संचालित कर रहा था, 12 जून को अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद एक मेडिकल हॉस्टल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। मान में सवार 241 लोगों सहित 260 लोगों की मौत हो गई थी।