उद्धव ठाकरे , राज ठाकरे और आदित्य ठाकरे
- फोटो : PTI
महाराष्ट्र की राजनीति में नए राजनीतिक गठबंधन की सुगबुगाहट देखने को मिल रही है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और शिवसेना (यूबीटी) के साथ आने की अटकलें जोरों पर हैं। इसी बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के नेता आदित्य ठाकरे ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र और मराठी मानुष के हितों की रक्षा के लिए काम करने वाले किसी भी दल के साथ आने के लिए तैयार है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के बीच संभावित समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हैं।
भाजपा पर साधा निशाना
पत्रकारों से बातचीत में आदित्य ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मुंबई और महाराष्ट्र को "हड़पने" का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा राज्य के साथ अन्याय कर रही है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि, हम पहले से यह बात कहते आ रहे हैं। जो भी दल महाराष्ट्र और मराठी मानुष के हित में काम करना चाहता है, हम उसके साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं।
जब उसने पूछा गया कि क्या शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के बीच गठबंधन हो सकता है? इस पर उन्होंने कहा, परिवर्तन लाना हमारी जिम्मेदारी है। जो भी पार्टी महाराष्ट्र के हितों की रक्षा के लिए काम कर रही है, उन्हें एक साथ आकर लड़ना चाहिए। हाल ही में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की ओर से दिए गए बयानों के बाद ऐसे कयास लग रहे हैं कि करीब दो दशकों पुराने मतभेदों को भुलाकर दोनों पार्टियां एक साथ आ सकती हैं।
राज ठाकरे ने हाल में कहा था कि मराठी मानुष के हित में एक होना कठिन नहीं है, जबकि उद्धव ठाकरे ने कहा था कि वह "छोटी-मोटी बातों" को नजरअंदाज कर सकते हैं, बशर्ते कोई ऐसा व्यक्ति या दल साथ न हो जो महाराष्ट्र के हितों के खिलाफ काम करता हो।
ये भी पढ़ें: फिर बेनकाब हुआ पाकिस्तान: चीन की मदद से बनाए भारत पर हमले के नकली सबूत, सैटेलाइट की तस्वीरों ने खोली पोल