महाराष्ट्र में मंगलवार को कार्वर एविएशन का एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह घटना पुणे शहर के निकट इंदापुर की है। हादसे में ट्रेनी पायलट घायल हो गया है और उसे इलाज के लिए बारामती स्थित अस्पताल ले जाया गया है। बता दें कार्वर एविएशन एक पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है।
पुलिस ने बताया कि पायलट सिद्धार्थ टाइटस के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस ने कहा कि यह हादसा इंदापुर तालुका में रुई गांव के पास हुआ। घटना की वजह तकनीकी खामी भी हो सकती है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान जिले के बारामती स्थित कार्वर एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का था। पायलट को अस्पताल ले जाया गया है। वह फिलहाल खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने बताया कि पायलट तीन साल से संस्थान के साथ जुड़ा है और उसके पास लगभग 130 घंटे की उड़ान का अनुभव है।