सराय काले खां स्थित वेस्ट टू वंडर पार्क में स्क्रैप से सात अजूबों की बनाई गई प्रतिकृतियों की खूबसूरती निहारते वक्त अगर इसे छूने की कोशिश करते हैं, तो एक हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। पहले दिन काफी संख्या में लोग पार्क में पहुंचे।
पार्क में सात अजूबों को मेटेलिक स्क्रैप से खूबसूरत रूप दिया गया है, जिसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। रात के वक्त बेहतरीन लाइटिंग से इन प्रतिकृतियों की खूबसूरती और बढ़ जाती है, लेकिन इस दौरान अगर घूमने के लिए पहुंचे पर्यटकों ने इन प्रतिकृतियों को छूने की कोशिश की, तो उन्हें अपनी जेब से एक हजार रुपये ढीले करने पड़ेंगे।
निगम अधिकारियों का इस बारे में कहना है कि चूंकि स्क्रैप से इन प्रतिकृतियों को तैयार किया गया है, जिसकी खूबसूरती देखने के बाद इसे छूने से प्रतिकृतियों को नुकसान भी हो सकता है। प्रतिकृतियों के निर्माण पर पर काफी मेहनत की गई है और इन्हें छूने से खूबसूरती को बट्टा लग सकता है।
28 मेगावाट बिजली-सौर ऊर्जा का होगा उत्पादन
पार्क में तीन विंड मिल लगाई गई हैं, जिससे तीन किलोवाट पवन ऊर्जा का उत्पादन होगा। सौर ऊर्जा के उत्पादन के लिए सोलर पैनल लगाए गए हैं। छत पर लगे सोलर पैनल से 10, जबकि 5-5 किलोवाट के तीन सोलर ट्री से 15 किलोवाट सौर ऊर्जा का उत्पादन होगा। यानी पार्क में गैर परंपरागत ऊर्जा के तौर पर कुल 28 मेगावाट बिजली और सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जाएगा।