राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में भी शनिवार को धूलभरी आंधी के साथ बारिश हुई। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात और आंध्र प्रदेश में भी हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। कर्नाटक के तटीय इलाकों में तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मुंबई बेहाल, सड़कें जलमग्न, ट्रेन व हवाई सेवाएं प्रभावित
मानसून की पहली ही बारिश में मुंबई बेहाल हो गई। सड़कों पर पानी जमा हो गया और ट्रेन व विमान सेवाएं प्रभावित हो गईं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक भारी बारिश की आशंका जताई है। मुंबई में उड़ानों में 20 से 40 मिनट तक की देरी हुई। उपनगरीय ट्रेनें 15 से 20 मिनट देरी से चलीं।
मध्य रेलवे के प्रवक्ता सुनील उदासी ने कहा कि पटरियों पर जल जमाव को देखते हुए कई फास्ट गाड़ियों को स्लो ट्रैक पर डायवर्ट करना पड़ा। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने कहा है कि कोई उड़ान रद्द नहीं हुआ है, लेकिन उड़ानें 15 से 20 मिनट देरी से हुई हैं। ठाणे में बिजली गिरने से एक मछुआरे और सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिन हिमालय के पहाड़ी राज्यों में तेज गर्जन और बिजली के साथ आंधी आ सकती है। राजधानी और आसपास के राज्यों पर भी इसका असर पड़ सकता है। तटीय क्षेत्र वाले राज्यों में जोरदार बारिश की संभावना है।
रविवार को अधिकतम 38 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है। रविवार और सोमवार को उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब के साथ हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़, यूपी, झारखंड समेत दिल्ली में भी बादल छाए रहेंगे। तेज हवाओं के साथ गर्जन की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 12 मई से फिर उमस भरी गर्मी पड़ सकती है। बंगाल की खाड़ी में 10 जून और अरब सागर में कोंकण व गोवा तट पर 12 जून तक तेज हवा के साथ ऊंची समुद्री लहरें उठने की चेतावनी जारी की है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।