कोरोना अब छोटे-छोटे बच्चों को भी अपनी चपेट में ले रहा है। हर दिन कोरोना के संक्रमित मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और साथ में मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। गुजरात के सूरत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 14 दिन की बच्ची ने कोरोना की चपेट में आने के बाद अपना दम तोड़ दिया।
बता दें कि बच्ची जन्म के दो दिन बाद ही कोरोना संक्रमित पाई गई थी। बच्ची को प्लाज्मा भी चढ़ाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बच्ची की मां को कोरोना के लक्षण थे लेकिन उसने यह बात किसी को नहीं बताई। कोरोना के लक्षण होने के बाद भी महिला अपना दूध अपनी बच्ची को पिलाती रही, जिसका सीधा असर बच्ची के स्वास्थ्य पर पड़ा।
कोरोना संक्रमित बच्ची को इलाज के लिए सूरत के वराछा स्थित डायमंड अस्पताल में भर्ती किया गया था। इस अस्पताल में बच्ची को इलाज के दौरान प्लाज्मा भी चढ़ाया गया लेकिन बच्ची की जान को नहीं बचाया जा सका। वराछा के अस्पताल के दौरान नवजात बच्ची इस खतरनाक वायरस के आगे हार गई और गुरुवार को बच्ची का निधन हो गया।
बता दें कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर बच्चों को अपनी चपेट में ज्यादा ले रही है। सूरत में ही अब तक तीन बच्चों की कोरोना वायरस से मौत हो गई। एक दिन पहले ही सूरत के न्यू सिविल अस्पताल में भी 14 दिन के नवजात बच्चे ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया था।