एफएमसीजी कंपनी यूनिलीवर की चीफ ह्यूमन रिसॉर्सेज ऑफिसर लीना नायर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह अब फ्रांस की लग्जरी ब्रांड शेनेल के साथ काम करेंगीं। शेनेल ने मंगलवार को लंदन में लीना नायर को अपना नया ग्लोबल चीफ एग्जिक्युटिव नियुक्त किया है। शेनेल ने बताया है कि लीना नायर जनवरी से यानी नए साल से ग्रुप में शामिल होंगी। एलेन वर्थाइमर, जो अपने भाई जेरार्ड वर्थाइमर के साथ इस ब्रांड के मालिक हैं, नायर के कंपनी में शामिल होने के बाद वैश्विक कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। शेनेल मुख्य तौर पर फैशन, ज्वेलरी, घड़ियां, चश्मे, परफ्यूम, मेकअप और स्किन केयर से जुड़ा ब्रांड है। इसका मुख्यालय अब यूके में है।
किसने शुरू किया शेनेल
इसकी स्थापना 1910 में फ्रेंच फैशन डिजाइनर गैब्रियेल बोनोल शेनेल उर्फ ‘कोको’ ने की थी। उन्होंने एक टोपी बुटीक के रुप में इसकी शुरुआत की थी। बाद में शेनेल शब्द फ्रेंच में ठाठ का उपशब्द बन गया। उन्होंने लंबे समय तक पेरिस के फैशन जगत पर राज किया। उनके सुरुचिपूर्ण ढंग से डिजाइन किए गए फैशन परिधानों ने महिलाओं को जटिल और असुविधाजनक कपड़ों को त्यागने के लिए मजबूर किया। धीरे-धीरे नवाचारों से बनाए गए उनके पर्स, गहने, क्लासिक सूट और खास तौर पर छोटी काली पोशाक काफी मशहूर हो गए।