ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में स्थित जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (एक्सआईएमबी) का वार्षिक मीडिया कॉन्क्लेव ‘कम्युनिके-2022’ कल यानी रविवार को आयोजित होगा। जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, भुवनेश्वर पिछले 35 वर्षों से बिजनेस लीडर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ये संस्था बड़े पैमाने पर शिक्षाविदों, उद्योग और समाजिक क्षेत्र में अपने कामों के लिए जानी जाती है।
हर साल होता है आयोजन
एक्सआईएमबी की मीडिया और पीआर इकाई (इलुमिनेटिक्स) हर साल मीडिया कॉन्क्लेव का आयोजन करती है। कल होने वाले कार्यक्रम में जनसंपर्क- आर्थिक जगत की नामचीन हस्तियों द्वारा पीआर और मीडिया को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, कंपनी की ब्रांड वैल्यू को बनाए रखने और उपभोक्ताओं का विश्वास जीतने पर भी चर्चा की जाएगी। बता दें कि अमर उजाला इस प्रतिष्ठित कॉन्क्लेव का मीडिया पार्टनर है।
संस्था ने वार्षिक मीडिया कॉन्क्लेव ‘कम्युनिके-2022 के बारे में बताया कि इसका उद्देश्य मीडिया और जनसंपर्क जगत के माहिरों और छात्रों के बीच विचार-विमर्श को बढ़ावा देना है। ‘कम्युनिके’ का नौंवा संस्करण में कल यानी 20 नवंबर को सुबह साढ़े दस बजे से संस्था के ऑडिटोरियम में होगा। इस कार्यक्रम में WOW स्किन साइंस की कैटेगरी हेड पूजा बेदी, नापतौल के हेड ऑफ़ कंटेंट प्रोडक्शन एंड प्रोग्रामिंग पैट्रिक सैंटियागो के साथ ही नेक्सस पॉवर की सीईओ और सह संस्थापक निशिता बलियार सिंह, तृप्ती डेयरी की सीईओ वर्षा बिस्वाल, ट्रैग सेल्स4यू के सीईओ और संस्थापक सौरभ खंडेलवाल शामिल होंगे। वहीं, कार्यक्रम का संचालन DriEV के सह संस्थापक अनिर्बान मोहंती करेंगे।
एक्सआईएमबी की मीडिया और पीआर इकाई (इलुमिनेटिक्स) की ओर से आयोजित किए जा रहे ‘कम्युनिके-2022’ का ध्येय वाक्य है 'ब्रांड वारफेयर: व्हाट सेट्स यू अपार्ट?' इस कार्यक्रम में मीडिया और जनसंपर्क की विकास यात्रा पर चर्चा की जाएगी।