आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नेता इंद्रेश कुमार ने रविवार को कहा कि भारत के 99 फीसदी मुसलमान अपने पूर्वजों, संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि के कारण 'हिंदुस्तानी' हैं। उन्होंने संगठन के प्रमुख मोहन भागवत के उस पुराने बयान का भी समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारतीयों के पूर्व एक ही थे, इसलिए उनका डीएनए भी एक है।
इंद्रेश कुमार ठाणे जिले के उत्तान में रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी में आरएसएस से संबंद्ध मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की थी। इसके समापन के मौके पर कुमार पहुंचे हुए थे।
आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार के हवाले से एक विज्ञप्ति में कहा गया, पवित्र कुरान के निर्देशों और सिद्धांतों के अनुसार हमें अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्य को अन्य सभी चीजों के ऊपर मानना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, भारत में 99 फीसदी मुसलमान अपने पूर्वजों, संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि से हिंदुस्तानी हैं।
उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि डी का मतलब 'ड्रीम्स वी गेट एवरीडे' (वो सपना जो हम रोज देखते हैं), एन का मतलब 'नेटिव नेशन' (मूल राष्ट्र) और ए का मतलब 'एनसेस्टर्स' (पूर्वज) है। उन्होंने कहा कि हम सभी अपनी मातृभाषा में सपने देखते हैं।
आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य कुमार ने आगे कहा, हमारे पूर्वज एक हैं और हमारे मूल राष्ट्र एक है, जिसमें हम सभी डीएनए साझा करते हैं। दो दिवसीय कार्यशाला में राज्यभर के चालीस से ज्यादा स्थानों से महिलाओं समेत ढाई सौ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस मौके पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक इरफान अली पीरजादे, विराग पचपोरे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।