देश के 29 राज्यों में अकेले कर्नाटक में 97 प्रतिशत मंत्री ऐसे हैं जिनकी संपत्ति करोड़ों में है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के एक अध्ययन में पाया गया है कि राज्यों के 76 फीसदी मंत्री करोड़पति हैं जिनके पास औसतन 8.59 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जबकि इसके मुकाबले में केन्द्रीय मंत्रियों की औसत संपत्ति 12.94 करोड़ रुपए है। इस सर्वे से पहले एक सर्वे में बताया गया था कि राज्यों के 34 प्रतिशत मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आपको बता दें कि एडीआर ने यह रिपोर्ट बनाई है।
इस रिपोर्ट को 29 प्रदेश विधानसभाओं और 2 केन्द्र शासित प्रदेशों के कुल 620 मंत्रियों में से 609 मंत्रियों द्वारा जमा किए गए घोषणा पत्र के आधार पर तैयार की है। तेलुगू देशम पार्टी के पोंगुरू नारायण के पास सबसे ज्यादा संपत्ति बताई गई है। उनके पास 496 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है।
वहीं दूसरे नंबर पर कर्नाटक के मंत्री डी. के. शिवकुमार हैं। शिवकुमार की कुल संपत्ति 251 करोड़ रुपए है। मंत्रियों के अपराध से जुड़े चौंकाने वाले आंकड़े भी समाने आए हैं। राज्यों के 609 मंत्रियों में से 210 मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वैसे आपको बता दें कि केंद्र के 78 मंत्रियों में से 24 (31%) मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।