राजस्थान में शुक्रवार देर रात 87 जिला जजों का ट्रांसफर कर दिया गया है। इन जजों में बॉलीवुड कलाकर सलमान खान को काले हिरण के शिकार मामले में दोषी ठहराने वाले और 5 साल कैद की सजा सुनाने वाले जज रविंदर कुमार जोशी का नाम भी शामिल है। उन्हें सिरोही भेज दिया गया है और अब जोधपुर कोर्ट के नए जज चंद्रकुमार सोंगरा होंगे।
देर रात हुए फेरबदल से पूरे राजस्थान में हड़कंप मच गया। वहीं, प्रशासन इन ट्रांसफरों को सामान्य बता रहा है।
यह है पूरा मामला
जोधपुर कोर्ट ने गुरुवार को सलमान खान को काले हिरण शिकार में दोषी पाया था और 5 साल की कैद की सजा और 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने सलमान के साथ अन्य दोषियों (सैफ अली खान, तब्बू, नीलम और सोनाली बेंद्रे) को बरी कर दिया था। अपनी सजा के खिलाफ सलमान ने सेशन कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी।
शुक्रवार को सलमान की जमानत याचिका और सजा के निलंबन को लेकर कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुना और अपना फैसला शनिवार तक टाल दिया है।