महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में रविवार तड़के एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग में आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और एक डेढ़ साल का बच्चा शामिल हैं। यह आग एक कपड़ा फैक्ट्री में लगभग 13 घंटे तक धधकती रही। अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पाने के प्रयास में तीन अग्निशमन कर्मी भी घायल हो गए। यह हादसा सोलापुर एमआईडीसी स्थित सेंट्रल टेक्सटाइल मिल्स में सुबह करीब 3:45 बजे हुआ।
मृतकों में फैक्ट्री मालिक हाजी उस्मान हसनभाई मंसुरी (80), उनके पोते अनस हनीफ मंसुरी (25), पोते की पत्नी शिफा अनस मंसुरी (20), और डेढ़ वर्षीय परपोता यूसुफ मंसुरी शामिल हैं। अग्निशमन कर्मियों ने जब फैक्ट्री परिसर की एक इमारत की दीवार तोड़ी, तब यह परिवार एक बेडरूम में मृत मिला। अधिकारियों ने बताया कि यूसुफ अपनी मां की गोद में मिला।
अन्य चार मृतक या तो फैक्ट्री में कार्यरत थे या उनके परिजन थे। उनकी पहचान मेहताब सय्यद बगवान (45), उनकी पत्नी अशाबानू (38), बेटा सलमान (20), और बेटी हिना (26) के रूप में हुई है।अधिकारियों के अनुसार, जब आग लगी तब सभी गहरी नींद में थे। तीन लोगों की मौत जलने से हुई, जबकि पांच की दम घुटने से जान चली गई। तीन शव मिलने के बाद बाकी पांच लोगों को तलाशने और बाहर निकालने में करीब 13 घंटे का समय लग गया। बताया गया कि ये पांच लोग आग से बचने के लिए एक कमरे में भागे थे, लेकिन अंदर ही फंस गए।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र के सोलापुर में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।