कोरोना के मामलों में तेजी (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
देश में कोरोना से हालात एक बार फिर से बिगड़ने लगे हैं। आलम ये है कि पिछले सात दिनों के अंदर संक्रमण के मामलों में 78% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले हफ्ते यानी 19 से 25 मार्च के बीच 8781 नए कोरोना मरीजों की पहचान हुई। इसके पहले 12 से 18 मार्च के बीच देश में 4929 संक्रमित पाए गए थे।
वहीं, कोरोना के तेजी से बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने 10-11 अप्रैल को राष्ट्रव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित करने का फैसला लिया है। देश के अस्पतालों में होने वाली मॉक ड्रिल में कोरोना के साथ साथ इन्फ्लूएंजा से बचाव की तैयारियों पर समीक्षा होगी। सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्य सचिवों के साथ वीडियो कांन्फ्रेंसिंग के जरिये मॉक ड्रिल का ब्याेरा दिया है। इसके अनुसार, आगामी 10 और 11 अप्रैल को देश के अस्पतालों में मॉक ड्रिल होगी। इसमें सरकारी और निजी दोनों ही क्षेत्र के अस्पताल शामिल होंगे।
मॉक ड्रिल के लिए प्रत्येक जिला प्रशासन को स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक फॉर्म उपलब्ध कराया है जिसे कोविड इंडिया पोर्टल से डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फॉर्म को मॉक ड्रिल के साथ ही भरना होगा और उसी समय अपलोड करने के साथ ही दिल्ली में कोरोना वार रूम में जानकारी देनी होगी। यह पूरी प्रक्रिया संबंधित राज्यों के स्वास्थ्य सचिव व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के शीर्ष अधिकारियों की निगरानी में की जाएगी। ब्यूरो
मॉक ड्रिल के दौरान अस्पतालों में ऑक्सीजन व दवा भंडार से लेकर वेंटिलेटर और बिस्तरों की पर्याप्त संख्या तक का निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही, कोविड फ्लू वार्ड और संदिग्ध रोगियों के वार्ड के साथ-साथ जांच के लिए किट का इंतजाम देखा जाएगा। बैठक में बताया गया कि मॉक ड्रिल के लिए देश के प्रत्येक जिले में सर्विलांस अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी है।
टेस्टिंग को बढ़ावा देने का भी दिया निर्देश
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा शनिवार को जारी एक संयुक्त एडवाइजरी में कहा गया है कि पिछले कई हफ्तों में कुछ राज्यों में COVID-19 की टेस्टिंग में गिरावट आई है। साथ ही यह भी पाया गया है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा निर्धारित मानकों की तुलना में वर्तमान में परीक्षण स्तर अपर्याप्त हैं। इसको देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और ICMR ने सभी राज्यों को कोरोना जांच में बढ़ावा देने और लक्षणों की जानकारी देने के लिए भी कहा है।
कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह
इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के परामर्श के मुताबिक लोगों को कोविड के लिए तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही लोगों से भीड़भाड़ और बंद स्थानों में मास्क पहनने की सलाह दी है। साथ ही इसमें बार-बार साबुन से हाथ धोने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने की सलाह दी गई है।