देश आजादी के 75 वर्ष पूरे कर चुका है और आज अपना 76वां स्वतंत्रता दिवस (Swatantrata Diwas) मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत को न सिर्फ तिरंगे से सजाया जा रहा है, बल्कि दिल्ली से लेकर जम्मू कश्मीर तक सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम होगा और यहां लाल किले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। दिल्ली में लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे। दिल्ली पुलिस ने लाल किले के आसपास 10,000 से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है। आइए जानते हैं स्वतंत्रता दिवस के प्रसारण और लाइव टेलीकॉस्ट से जुड़ी सारी जानकारी...
लाल किले के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
लाल किले पर प्रवेश द्वारों पर चेहरे से पहचान करने वाली प्रणाली युक्त कैमरों से लेकर बहु स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। साथ ही लाल किले के आसपास के इलाकों में इमारतों की छतों पर और संवेदनशील स्थानों पर 400 से ज्यादा पतंगबाजों और पतंग पकड़ने वालों को तैनात किया गया है। इसके अलावा लाल किले के पांच किलोमीटर के इलाके को समारोह समाप्त होने तक ‘नो काइट जोन‘ (पतंग उड़ाने पर रोक) क्षेत्र घोषित किया गया है।
दिल्ली में धारा 144 लागू, ड्रोन-रोधी प्रणाली भी स्थापित
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने बताया कि दिल्ली में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 पहले ही लगा दी गई है। पंद्रह अगस्त को लाल किले पर कार्यक्रम समाप्त होने तक कोई भी पतंग, गुब्बारा या चीनी कंदील उड़ाता हुआ पाया गया तो उसे दंडित किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की ड्रोन-रोधी प्रणाली भी स्थापित की गई है।