थाईलैंड की खाड़ी में थाई नौसेना का एक युद्धपोत डूबने के बाद 75 नौसैनिकों को बचा लिया गया जबकि 31 नौसैनिक लापता हैं। इनका पता लगाने के लिए समुद्र में तलाशी अभियान जारी है। सोमवार को नौसेना के तीन जहाजों और दो हेलिकॉप्टरों को क्षेत्र में भेजा गया। हालांकि, ऊंची लहरें उठने के कारण बचाव अभियान प्रभावित हुआ है। एजेंसी
चीनी विदेश मंत्री से मिलेंगी ऑस्ट्रेलियाई मंत्री पेनी वोंग
ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और चीन के राजनयिक संबंधों के 50 साल पूरे होने के मौके पर वह इस सप्ताह बीजिंग में अपने समकक्ष मंत्री वांग यी से मुलाकात करेंगी। चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यात्रा मंगलवार और बुधवार को होगी और इसमें विदेश तथा रणनीतिक मुद्दों पर चीन-ऑस्ट्रेलिया वार्ता का एक नया दौर शुरू होगा। दोनों देशों के बीच हाल ही में आई तल्खी के बाद यह नई पहल होगी।
हाईकोर्ट ने मांगा तोशखाना के उपहारों का विवरण
पाक में लाहौर हाईकोर्ट ने सोमवार को संघीय सरकार को निर्देश दिए हैं कि वह 1947 के बाद से 16 जनवरी तक नेताओं व नौकरशाहों को विदेशी गणमान्य लोगों से प्राप्त तोशखाना के उपहारों का विवरण पेश करें। पूर्व पीएम इमरान खान के विवाद के बाद पाकिस्तान सरकार का तोशखाना विभाग खास हो गया है, जिन्होंने कथित तौर पर 2.15 करोड़ रुपये में करीब 10.8 करोड़ रुपये के सरकारी उपहार बेचे।