कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल
- फोटो : पीटीआई
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने भी जताई नाराजगी
विजयन के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी फिल्म 'द केरल स्टोरी' को राष्ट्रीय पुरस्कार दिए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म नफरत फैलाने वाले एजेंडे को बढ़ावा देती है और इसका सम्मानित किया जाना इस बात का साफ उदाहरण है कि भाजपा सरकार कैसे नफरत को प्रायोजित करती है।
फिल्म को बताया कूड़ेदान में फेंकने लायक
केरल से सांसद वेणुगोपाल ने कहा कि यह फिल्म कूड़ेदान में फेंकने लायक है। इसने मेरे खूबसूरत राज्य केरल को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फिल्म एक सड़ी-गली मानसिकता को बढ़ावा देती है और इसे पुरस्कार देना पूरे केरल का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि केरल की प्रेमभाव से भरी जनता इस अपमान का जवाब देगी और भाजपा को आने वाली पीढ़ियों तक कोई स्वीकृति नहीं मिलेगी।
गौरतलब है कि 'द केरल स्टोरी' को हाल ही में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया है। यह फिल्म रिलीज के समय से ही विवादों में रही है, जिसमें कथित रूप से केरल की महिलाओं के जबरन धर्मांतरण और आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़ने की कहानी दिखाई गई है।
ये भी पढ़ें:- Manipur Landslides: मणिपुर में भारतीय वायुसेना और असम राइफल्स का संयुक्त राहत अभियान, 18 गांवों तक पहुंचाई मदद
'द केरला स्टोरी' पर विवाद क्यों, समझिए
बता दें कि फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ का निर्देशन सुदीप्तो सेन ने किया है। यह फिल्म 5 मई 2023 को रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी। हालांकि, फिल्म को लेकर विवाद भी खड़ा हुआ, क्योंकि इसमें यह दावा किया गया था कि केरल से 32,000 लड़कियों को धर्मांतरण के बाद आतंकी संगठन आईएसआईएस में भेजा गया। विपक्षी नेताओं और कई सामाजिक संगठनों ने फिल्म पर झूठ फैलाने और मुस्लिम समुदाय को बदनाम करने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं पश्चिम बंगाल सरकार ने तो इस फिल्म के प्रदर्शन पर प्रतिबंध भी लगाया था।