देशभर में लॉकडाउन के बाद शुरू हुए अनलॉक-1 के पहले चरण में परिवहन को दोबारा से खोल दिया गया है। अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने और लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने के इरादे से घरेलू उड़ानों को भी खोल दिया गया है। केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को देशभर में 692 घरेलू विमानों ने उड़ान भरी, उन्होंने साथ ही कहा कि अब चीजें फिर से रफ्तार पकड़ रही हैं।
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक एक जून को देशभर में 692 उड़ानों के माध्यम से 64,651 लोगों ने हवाई सफर किया। इससे एक दिन पहले 44,593 लोगों ने यात्रा की थी। उन्होंने ट्विटर पर कहा, '31 मई से एक जून के बीच यात्रियों की संख्या में हुआ इजाफा यह दर्शाता है कि घरेलू विमान संचालन ने देश में रफ्तार पकड़ ली है।
आंकड़ों के मुताबिक 25 मई से एक जून के बीच भारतीय विमानों ने 4,062 उड़ानों का संचालन किया है। हालांकि अभी भी कुछ राज्यों में कोरोना के खतरे को देखते हो सीमित उड़ानों की मंजूरी ही दी है। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर अभी भी रोक जारी है। गौरतलब है कि कोरोना लॉकडाउन की वजह से मार्च में उड़ानों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी, जिसे 25 मई को फिर से शुरू कर दिया गया।