इनसाकॉग के आंकड़ों के मुताबिक, 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए वैरिएंट XBB1.16 नमूने पाए गए हैं। इस वैरिएंट के कारण सामने आने वाले कोविड मामलों की सबसे अधिक संख्या महाराष्ट्र (164) और गुजरात (164) में पाई गई है।
देशभर में कोविड के XXB 1.16 वैरिएंट के कुल 610 मामले दर्ज किए गए हैं। कोरोना वायरस के मामलों में हालिया वृद्धि के पीछे यह वैरिएंट हो सकता है। इंडियन SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (इनसाकॉग) के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। इनसाकॉग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत स्थापित मंच है जो कोविड-19 की जीनोम सिक्वेंसिंग और वायरस की भिन्नता का अध्ययन व निगरानी करता है। इसे दिसंबर 2020 में गठित किया गया था।
विज्ञापन
इनसाकॉग के आंकड़ों के मुताबिक, 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नमूने पाए गए हैं। इस वैरिएंट के कारण सामने आने वाले कोविड मामलों की सबसे अधिक संख्या महाराष्ट्र (164) और गुजरात (164) में पाई गई है। इसके बाद तेलंगाना में 93 और कर्नाटक में 86 मामले सामने आए हैं। XBB 1.16 वैरिएंट पहली बार जनवरी में पाया गया था, जब दो नमूनों में इस वैरिएंट के लिए परीक्षण सकारात्मक आया था।
भारत में हाल में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार को अपडेटेड आंकड़ों के अनुसार, भारत में 1805 नए मामले दर्ज किए गए हैं, वहीं सक्रिय मामलों का आंकड़ा 10 हजार का आंकड़ा पार कर गया है।
केंद्र ने राज्यों के साथ कोविड-19 और टीकाकरण प्रगति के प्रबंधन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों की समीक्षा की। केंद्र ने सकारात्मक नमूनों के पूरे जीनोम सीक्वेंसिंग पर ध्यान देने के साथ निगरानी को मजबूत करने, आरटी-पीसीआर परीक्षण बढ़ाने और अस्पतालों की परिचालन तत्परता सुनिश्चित करने के लिए मॉक ड्रिल करने का आह्वान किया।