कर्नाटक के वाणिज्य कर विभाग ने बंगलूरू में करीब 4 करोड़ रुपए के आयातित अघोषित समान के गोदाम को सील कर दिया है। कार्रवाई दौरान विभाग के अधिकारियों ने वुहान के रहने वाले एक चीनी नागरिक से जुड़े 60 जीएसटी पंजीकरण मिलने का खुलासा भी किया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों ने पुराना हवाई अड्डा मार्ग पर मौजूद एक गोदाम में रखे चार करोड़ रुपये मूल्य के चीन में बने 25,446 इलेक्ट्रॉनिक और अन्य सामान को सीज किया। वाणिज्यिक कर आयुक्त एमएस श्रीकर ने बताया कि अधिकारियों ने छापे के दौरान पाया कि चीन के वुहान शहर के एक शख्स ने लीज पर बंगलूरू में परिसर लिया है।
साथ ही विभाग ने पाया कि जीएसटी अधिनियम के तहत लगभग 60 पंजीकरण (दोनों केंद्रीय और राज्य क्षेत्राधिकार), आयातित चीन निर्मित वस्तुओं के ऑनलाइन व्यापार के लिए कई व्यक्तियों के नाम पर एक ही पते पर दर्ज थे।
उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकांश पंजीकरणों में रिटर्न दाखिल करने और टैक्स के भुगतान में अनियमितता पाई गई। अधिकांश फर्मों ने या तो शून्य रिटर्न दाखिल किया या वे गैर-फाइलर थे। पंजीकरण डाटा से पता चला कि एक व्यवसाय 2017-18 में पंजीकृत था, 2018-19 में 43, 2019-20 में 14 और 2020-21 में दो व्यवसाय पंजीकृत कराए गए थे। 60 फर्मों में से अधिकांश निजी सीमित कंपनियां थीं और 24 व्यक्ति 58 फर्मों में निदेशक थे।
छापे की कार्रवाई के दौरान ना तो परिसर को लीज पर देने वाला और ना ही लेने वाला कोई शख्स, ना ही चीनी नागरिक और ना ही अन्य पंजीकरण कराने वाले 59 शख्स परिसर में मौजूद थे। विभाग ने बताया कि पर्याप्त समय देने के बावजूद कोई भी कार्रवाई के दौरान सामने नहीं आया।
उन्होंने कहा कि ऐसे में विभाग का मानना है कि यह पूरा व्यवसाय चीनी व्यक्ति वुहान में बैठकर ही बंगलूरू में अपने एजेंट्स के जरिए चला रहा था। वाणिज्य कर विभाग इस मामले की जांच कर रहा है।