पूर्वोत्तर राज्य असम के कार्बी आंग्लांग जिले में शुक्रवार तड़के सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में उग्रवादी संगठन कार्बी पीपुल्स लिबरेशन टाइगर्स (केपीटीएल) के छह उग्रवादी मारे गए। मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी घायल हो गया है। पुलिस अधीक्षक देबजीत देउरी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस व सेना की एक संयुक्त टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर बोकाजान थाने के तहत बानीपथार इलाके में छापेमारी शुरू की थी। घने जंगल में देर रात लगभग एक बजे उग्रवादियों से उनकी मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई। इसमें छह उग्रवादी मारे गए।
पुलिस अधीक्षक ने दावा किया कि मरने वालों में संगठन के दो शीर्ष नेता भी शामिल हैं। उग्रवादियों के कब्जे से एक एसएलआर राइफल समेत दो राइफल, तीन पिस्तौल और भारी तादाद में गोला बारूद भी बरामद किया गया है।
ध्यान रहे कि उग्रवादी संगठन कार्बी नेशनल लिबरेशन फ्रंट (केएनएलएफ) के वर्ष 2010 में युद्ध विराम पर सहमत होने के बाद उससे अलग होने वाले एक गुट ने केपीटीएल का गठन किया था। यह संगठन बोकाजान के ग्रामीण इलाकों में सक्रिय है।