ASEAN-India Youth Summit: गोवा में विदेश मंत्रालय ने भारत फाउंडेशन और आसियान फाउंडेशन के सहयोग से व गोवा सरकार के समर्थन से 5वें आसियान-भारत युवा शिखर सम्मेलन का आयोजन 28 से 31 अगस्त 2025 तक किया है।
विदेश मंत्रालय ने भारत फाउंडेशन और आसियान फाउंडेशन के सहयोग से व गोवा सरकार के समर्थन से 5वें आसियान-भारत युवा शिखर सम्मेलन का आयोजन 28 से 31 अगस्त 2025 तक किया है। इस वर्ष का विषय है- युवा जोड़ें: भविष्य गढ़ें। इस शिखर सम्मेलन का उद्घाटन समारोह को विदेश राज्य मंत्री और वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में भारत और आसियान देशों के साझा मूल्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि युवा ही आने वाले समय के असली निर्माता हैं। मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे आकर आपसी सहयोग को और मजबूत बनाएं ताकि आसियान समुदाय दृष्टि–2045 को साकार किया जा सके।
विज्ञापन
21वीं सदी एशिया की सदी है- पबित्रा मार्गेरिटा
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि 21वीं सदी एशिया की सदी है और इसमें भारत व आसियान की साझेदारी बेहद अहम है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के संकल्प के साथ एशियाई सदी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान देने का आग्रह किया।
चार दिन तक किया जाएगा सम्मेलन का आयोजन
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस शिखर सम्मेलन में भारत और आसियान देशों के सैकड़ों युवा नेता एक साथ आएंगे। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, चर्चा सत्र, समूह कार्य और नेटवर्किंग जैसे कार्यक्रम होंगे। उद्देश्य है कि युवा एक-दूसरे के अनुभवों से सीखें और क्षेत्रीय सहयोग की नई राहें खोलें। यह सम्मेलन न केवल भारत और आसियान के बीच दोस्ती को और गहरा करेगा बल्कि युवाओं को भी एक साझा मंच देगा, जहां वे भविष्य की चुनौतियों और अवसरों पर मिलकर विचार कर सकें।