महाशिवरात्रि के अवसर पर हिंदू संगठन यूनाईटेड हिन्दू फ्रंट ने 551 हिंदू युवा-युवतियों को शिवास्त्र (त्रिशूल) धारण करवाया। महाशिवरात्रि पर राजधानी के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के करावल नगर में विशाल शिवास्त्र (त्रिशूल) धारण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राजधानी के अनेक प्रभावशाली लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सभी वर्तमान और पूर्व विधायकों और पार्षदों को भी शिवास्त्र धारण कराया गया।
इस मौके पर दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पुरुषोत्तम, भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट और यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय भगवान गोयल उपस्थित थे। यह कार्यक्रम पूर्वी दिल्ली के ऐसे संवेदनशील एरिया में हुआ है, जहां 2020 में सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे थे और इसमें 53 लोगों की मौत हो गई थी। आयोजक जय भगवान गोयल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शिवास्त्र कार्यक्रम के आयोजन पर कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश विरोधी तत्वों के विरुद्ध खड़े हैं, दिल्ली में यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के जयभगवान गोयल राष्ट्रवादी ताकतों का डटकर विरोध कर रहे हैं। सचदेवा ने अपील की कि प्रत्येक हिंदू को राष्ट्रविरोधी तत्वों का विरोध करने के लिए आगे आना चाहिए और शिवास्त्र धारण करना चाहिए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पुरूषोत्तम ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नार्थ-ईस्ट के ऐसे हिंदू बहुसंख्यक इलाके आज अल्पसंख्यक में परिवर्तित हो चुके हैं। अकेले चौहान बागर में ही मात्र 34 परिवार बचे हैं। ऐसे बहुत से क्षेत्र है जहां हिन्दू निरंतर अल्पसंख्यक हो रहे हैं।