फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच करोड़ की रिश्वत या सियासी आरोप?: राउत ने शिरसाट को घेरा; मंत्री ने सबूत मांगे और दी कार्रवाई की चेतावनी

Wed, 25 Nov 2026 03:41 PM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, मुंबई।

सार

महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट पर 25 करोड़ रुपये के अन्नाभाऊ साठे ट्रेनिंग सेंटर प्रोजेक्ट को मंजूरी देने के बदले 5 करोड़ रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। शिरसाट ने आरोपों को खारिज करते हुए सबूत पेश करने की चुनौती देते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री संजय शिरसाट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र की राजनीति में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट पर 5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। राउत के मुताबिक, लातूर जिले के उदगीर में समाज सुधारक अन्नाभाऊ साठे के नाम पर ट्रेनिंग सेंटर बनाने के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया गया था। इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के बदले मंत्री ने कुल लागत का 20 फीसदी यानी करीब 5 करोड़ रुपये मांगे थे। हालांकि, शिरसाट ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए राउत को सबूत पेश करने की चुनौती दी है।

विज्ञापन

 

क्या है पूरा मामला?
संजय राउत ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह मामला सामने रखा। उन्होंने बताया कि लातूर में 'आरती सेवा भावी संस्था' चलाने वाले नरसिंह उदगिरकर ने 6 अक्टूबर 2025 को सामाजिक कल्याण मंत्रालय को एक प्रस्ताव सौंपा था। इसमें उदगीर में अन्नाभाऊ साठे के नाम पर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की मांग की गई थी। इस परियोजना पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था। राउत का कहना है कि प्रस्ताव भेजे जाने के काफी समय बाद भी इसे मंजूरी नहीं मिली।
विज्ञापन


25 करोड़ के प्रोजेक्ट पर 5 करोड़ मांगने का आरोप
राउत के मुताबिक, संस्था के संचालक नरसिंह उदगिरकर ने उन्हें बताया कि सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने परियोजना की कुल लागत का 20 प्रतिशत कमीशन मांगा था। यह रकम करीब 5 करोड़ रुपये होती है। आरोप है कि मंत्री ने पैसे की मांग को लेकर उदगिरकर को मुंबई में एक इमारत की 72वीं मंजिल पर बने अपने निजी आवास पर बुलाया था। राउत का दावा है कि उदगिरकर ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उनके प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था संचालक ने इस मामले की शिकायत सरकारी अधिकारियों और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

फडणवीस सरकार पर भी बरसे संजय राउत
इस मामले में संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री को टैग करते हुए राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। राउत ने कहा कि सरकार में बैठे लोगों की वजह से महाराष्ट्र और यहां की जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ गया है और जनता को खुलेआम लूटा जा रहा है। राउत ने इस पूरे मामले को सरकार की कार्यशैली पर बड़ा सवाल बताया।

शिरसाट बोले- मेरे पास मंजूरी देने का अधिकार नहीं
दूसरी तरफ, मंत्री संजय शिरसाट ने रिश्वत मांगने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि सामाजिक न्याय मंत्री होने के बावजूद उनके पास 10 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी देने का अधिकार नहीं है। ऐसे प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी मुख्यमंत्री देते हैं और इसके लिए उनके हस्ताक्षर जरूरी होते हैं। शिरसाट ने सवाल उठाया कि जब 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजना को मंजूरी देने का अधिकार उनके पास ही नहीं है, तो 25 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के लिए रिश्वत मांगने का आरोप कैसे लगाया जा सकता है? उन्होंने संजय राउत से कहा कि अगर उनके पास कोई सबूत है तो उसे सार्वजनिक करें।

प्रस्ताव में कमियां होने का दिया हवाला
शिरसाट ने बताया कि अन्नाभाऊ साठे प्रशिक्षण केंद्र के लिए संस्था की ओर से सरकारी योजना के तहत प्रस्ताव भेजा गया था। उनके कार्यालय ने संस्था को बताया था कि प्रस्ताव को मंजूरी देने की एक तय प्रक्रिया होती है। कुछ प्रस्तावों में जरूरी जानकारी और दस्तावेजों की कमी थी, इसलिए उन्हें मंजूरी नहीं मिल सकी। मंत्री के मुताबिक, संबंधित संस्थाओं को सरकारी नियमों के अनुसार इन कमियों को दूर करने के लिए कहा गया था। उन्होंने अपने निजी सचिव की ओर से संस्था को भेजे गए जवाब का हवाला देते हुए कहा कि इस मामले में किसी तरह के कमीशन या प्रतिशत की मांग नहीं की गई।

ऑडियो रिकॉर्डिंग और जातिगत भेदभाव पर भी दी सफाई
इस विवाद से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग का जिक्र करते हुए शिरसाट ने कहा कि कुछ लोग उन्हें जानबूझकर फंसाने और उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, उन्होंने संबंधित व्यक्ति से पूछा था कि क्या पैसे की मांग के कारण उसका काम रुका हुआ है, लेकिन उसने इससे इनकार कर दिया था। प्रस्ताव को मंजूरी न मिलने के पीछे आवेदक के मातंग समुदाय से होने की बात पर भी शिरसाट ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह जाति के आधार पर कभी भेदभाव नहीं करते। अगर किसी के पास उनके खिलाफ कोई सबूत है तो उसे सामने लाना चाहिए।

ये भी पढ़ें: कैबिनेट के बड़े फैसले: 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मिली मंजूरी, जानिए क्या-क्या एलान हुआ
विज्ञापन


राउत के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
शिरसाट ने विपक्षी नेताओं पर सरकार और मंत्रियों की छवि खराब करने के लिए बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से करेंगे। साथ ही, बिना सबूत भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही। फिलहाल इस मामले में संजय राउत के आरोपों और संजय शिरसाट के इनकार के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें