केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की बेटी के विवाह समारोह में रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह और प्रकाश जावडेकर तथा मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी और रतन टाटा और शिव सेना के प्रमुख उद्भव ठाकरे समेत कई बड़े राजनेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में रविवार को नागपुर में 10,000 से ज्यादा अतिथियों के पहुंचने की उम्मीद है। इस लिहाज से नागपुर में शाम को करीब 50 चार्टर्ड प्लेन करीब-करीब एक साथ बारी-बारी से लैंड करेंगे।
इस बीच नितिन गडकरी के ऑफिस ने शादी में वीआईपीज के आने जाने के लिए 50 चार्टर्ड फ्लाइट की खबरों को भ्रामक और गलत बताया है। एटीसी नागपुर एयरपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में सिर्फ 10 नॉन शेड्यूल फ्लाइट्स नागपुर एयरपोर्ट पर उतरी हैं।
गडकरी की सबसे छोटी बेटी केतकी की शादी अमेरिका में फेसबुक के साथ काम करने वाले आदित्य काशेदिकर के साथ होने वाली है। सूत्रों के अनुसार अमित शाह दिल्ली से शनिवार शाम को यहां पहुंचेंगे और शादी के बाद लौट जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह तथा मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर के अलावा इस मौके पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत भाजपा के कई अन्य राष्ट्रीय नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है।
राहुल गांधी को भी न्यौता
- फोटो : अमर उजाला
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक अन्य मुख्य अतिथियों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी, सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला का नाम शामिल है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, योग गुरु बाबा रामदेव और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे भी इस मौके पर उपस्थित रहेंगे। सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र के राज्यपाल सी विद्यासागर राव और असम के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने समारोह में आने में असमर्थता जाहिर की।
आश्चर्यजनक बात ये है कि 3 और 4 दिसंबर को किसी भी शहर से नागपुर पहुंचने के लिए हवाई टिकट उपलब्ध नहीं है। शादी नागपुर में वर्धा रोड पर रानी कोठी में होगी। साल 2010 के दिसंबर में भी नागपुर में वीवीआईपी का ऐसा ही जमावड़ा देखने को मिला था, जब गडकरी के बड़े बेटे निखिल की शादी हुई थी। उस वक्त गडकरी के अध्यक्ष थे। गडकरी के दूसरे बेटे की भी शादी हो चुकी थी है।
सोमवार से महाराष्ट्र विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने जा रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि अधिकांश विधायक इस शादी में शामिल होंगे। हालांकि, इस शाही शादी के बीच इस बात की चर्चा जोरों पर है कि जब लोग पीएम मोदी के नोटबंदी के फैसले से परेशान हैं और उन्हें घर खर्च चलाने तक को नकद पैसे नहीं मिल पा रहे हैं, वैसी स्थिति में शाही शादी में करोड़ों का खर्च किया जाएगा।