टूरिस्ट वीजा पर भारत आए ईरान के 495 सैलानी गायब नहीं हुए हैं। दरअसल, कोरोना के कारण भारत-ईरान हवाई सेवा बंद होने से सभी सैलानी भारत में फंसे हैं। इनसे खतरा नहीं है। ये सैलानी चीन में कोरोना फैलने से पहले ही भारत आए थे। ईरानी सैलानियों के भारत में गायब होने संबंधी दावों को निराधार बताते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, ईरानी उच्चायोग ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है। भारत और ईरान के बीच हवाई सेवा बंद होने से ये सैलानी चाह कर भी नहीं लौट पा रहे।
ईरान में रह रहे भारतीयों के बारे में राहत की खबर है। वहां अब तक एक भी भारतीय में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक ईरान स्थित भारतीय उच्चायोग लगातार अपने नागरिकों के संपर्क में है। जरूरत पड़ने पर इन्हें भारत लाने के विकल्पों पर लगातार बात हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्री का दावा टाइटेनिक जहाज जैसा है। टाइटेनिक के कैप्टन कह रहे थे कि जहाज नहीं डूबेगा लेकिन डूब गया। इस संकट से निपटने के लिए सरकार एक्शन प्लान सार्वजनिक करे और संसाधन मुहैया कराए।
- राहुल गांधी, कांग्रेस
तेलंगाना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह लोगों को मुफ्त में दवाईयां और मास्क बांटें। इस मामले में जीएस लक्ष्मी ने लोकहित याचिका दायर की थी। अदालत ने इस पर सुनवाई करते हुए सरकार के उठाये कदमों को नाकाफी माना।