आईआईएम नागपुर से शुक्रवार को 259 छात्रों ने स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसमें कुल 111 महिलाएं हैं। खास बात यह है कि वर्तमान बैच में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट हुआ। बैच (2022-24) में स्नातक नियमित एमबीए छात्रों में करीब 43 प्रतिशत महिलाएं हैं। वहीं, 2021-23 बैच के 234 छात्रों में से केवल 52 (22% करीब) महिलाएं थीं। आठवें दीक्षांत समारोह में अन्य 31 छात्रों को कार्यकारी एमबीए प्रमाणपत्र दिए गए। आईआईएम नागपुर के पहले बैच में तीन महिलाओं सहित 53 छात्र थे।
शशि थरूर ने मातोश्री का दौरा किया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने शनिवार को मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री पहुंचे। यहां उन्होंने आदित्य ठाकरे से शिष्टाचार मुलाकात की। आदित्य ने सोशल मीडिया पर फोटो डालकर जानाकारी दी। थरूर कांग्रेस उम्मीदवार वर्षा गायकवाड़ के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। भाजपा के उज्ज्वल निकम के साथ गायकवाड़ का मुकाबला है।
शरद पवार को एनडीए में शामिल होने की सलाह दी: फड़णवीस
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने शनिवार को कहा कि पीएम मोदी ने शरद पवार को एनडीए में शामिल होने के लिए कोई पेशकश नहीं की, बल्कि उन्हें सिर्फ सलाह दी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी द्वारा शरद पवार को एनडीए में शामिल होने की पेशकश की खबर गलत है। यह कोई प्रस्ताव नहीं सिर्फ सलाह थी। बारामती में उनकी की हार होगी। उद्धव ठाकरे और पवार दोनों डूबती नाव पर हैं।
पालघर में भाजपा विधायक नितेश राणे की हिंदुओं से अपील
भारतीय जनता पार्टी के विधायक नितेश राणे ने शनिवार को कहा कि पालघर में हिंदुओं को उस पार्टी को वोट देना चाहिए जो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे। इंडी-एमवीए गठबंधन को चुनना लव जिहाद और भूमि जिहाद के लिए वोट है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वे कांग्रेसी नेता लोकसभा चुनाव में पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं।
मोदी आलोचना बर्दाश्त नहीं कर सकते लेकिन दूसरों के खिलाफ कुछ भी बोलते हैं: शरद पवार
राकांपा नेता शरद पवार ने शनिवार को आरोप लगाया कि पीएम मोदी आलोचना बर्दाश्त नहीं कर सकते। लेकिन दूसरों के खिलाफ कुछ भी बोल देते हैं। इसके अलावा, पवार ने पीएम मोदी पर मुस्लिमों को खुलेआम निशाना बनाने का आरोप लगाया। पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उन्हें सभी जातियों और धर्मों के नागरिकों के लिए खड़ा होना चाहिए।
रायगढ़ सर्वेक्षण: भूस्खलन, बाढ़, उच्च ज्वार से 520 गांव प्रभावित हो सकते हैं
रायगढ़ प्रशासन द्वारा किए गए एक आपदा प्रबंधन सर्वेक्षण की रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट में पता चला कि जिले के 520 गांव भूस्खलन, बाढ़ और उच्च ज्वार के कारण पानी घुसने जैसी आपदाओं से प्रभावित हो सकते हैं। भूस्खलन संभावित गांव, 136 गांव बाढ़ से प्रभावित हो सकते हैं। 145 गांव उच्च ज्वार के प्रतिकूल प्रभाव का सामना कर सकते हैं।
8.25 लाख रुपये कीमत का मेफेड्रोन जब्त; दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में पुलिस ने 8.25 लाख रुपये मूल्य की मेफेड्रोन रखने के आरोप में दो कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की गई। शांति नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि मोहम्मद सुदेश अबूसाहिबा अंसारी (22) और विकास दिनेश गुप्ता (20) के रूप में आरोपियों की पहचान हुई है। आरोपियों के कब्जे से 8,25,000 रुपये मूल्य का मेफेड्रोन जब्त किया गया है।