पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में रविवार को पहले चरण की तरह ही बंपर वोटिंग हुई। विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों में संघर्ष की छिटपुट घटनाओं के बीच 56 सीटों के लिए 80 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े।
तेज धूप और गर्मी की परवाह किए बिना पूरे दिन मतदाताओं की लंबी कतार लगी रही। दोपहर तीन बजे तक औसतन 71 फीसदी मतदान हो चुका था। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा।
बीरभूम जिले की सात सीटों को माओवाद प्रभावित होने की वजह से संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। वहां मतदान शाम चार बजे ही खत्म हो गया। सात जिलों में फैली इन सीटों के लिए 33 महिलाओं समेत कुल 383 उम्मीदवार मैदान में थे।
इस दौर में सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर और पूर्व मंत्री अशोक भट्टाचार्य, पूर्व फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया, बांग्ला गायक सौमित्र राय, अभिनेत्री लाकेट चटर्जी और अभिनेता जय बनर्जी की किस्मत का फैसला मतपेटी में बंद हो गया।
इनके अलावा ममता बनर्जी सरकार के तीन मंत्रियों-गौतम देब, कृष्णेंदु नारायण चौधरी और सावित्री मित्र की किस्मत का फैसला भी इसी दौर में हुआ। बीरभूम जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अणुब्रत मंडल ने पार्टी के चुनाव चिन्ह वाली शर्ट पहन कर मतदान करके नया विवाद खड़ा कर दिया।
चुनाव आयोग ने जिला शासक से इस मामले पर रिपोर्ट मांगी है। दूसरी ओर, मंडल ने सफाई दी कि उनको इस बात का ख्याल नहीं था। पीठासीन अधिकारी ने भी उनको ऐसा करने से नहीं रोका।