ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए सरकार बेशक लोगों को जागरूक करने के लिए पूरा दम लगाए हुए है लेकिन कई बार इसके ऐसे नुकसान भी सामने आ जाते हैं कि सुनने वाले भी हैरत में पड़ जाएं।
ऐसा ही कुछ हुआ कर्नाटक के एक डॉक्टर के साथ, जिनके टोल प्लाजा पर 40 रुपये की जगह 4 लाख रुपये अकाउंट से काट लिए गए। डॉक्टर ने इस पर आपत्ति की तो टोल कर्मियों ने बाकी पैसे देने से इंकार कर दिया, मामला पुलिस तक पहुंचा तब जाकर डॉक्टर की बाकी रकम वापस हुई।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार मामला मंगलुरू जिले का है जहां कर्नाटक के मैसूरू निवासी एक डॉक्टर अपनी कार से मुंबई के लिए सफर कर रहे थे। कोच्चि मुंबई नेशनल हाइवे पर गुंडमी टोल गेट पर शनिवार सुबह 40 रुपये का टोल चुकाने के लिए उन्होंने अपना डेबिट कार्ड टोल कर्मी को दिया। उड़पी से 18 किलोमीटर पहले बने टोल गेट पर टोल कर्मी ने टोल काटा और पर्ची सहित कार्ड उन्हें वापिस कर दिया।
कार्ड लेकर डॉक्टर ने जेब में रखा और अपनी कार आगे बढ़ा दी। इसी बीच उनके फोन पर एक मैसेज पहुंचा जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। मैसेज में उनके अकाउंट से 4 लाख रुपये कटने का जिक्र था।