कोरोना वायरस मरीजों के साथ-साथ डॉक्टरों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अनुसार कोरोना के कारण देश में अब तक 393 डॉक्टरों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा तमिलनाडु के 64 डॉक्टरों ने कोरोना संक्रमण के कारण अपनी जान गंवाई है। इसके बाद आंध्रप्रदेश के 43, कर्नाटक के 42, गुजरात के 39, महाराष्ट्र के 37, पश्चिम बंगाल के 29 और उत्तर प्रदेश के 23 डॉक्टरों को महामारी का शिकार होना पड़ा है। देश की राजधानी दिल्ली में भी एक दर्जन से ज्यादा (13) डॉक्टरों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है।
कोरोना मरीजों का इलाज करने के दौरान डॉक्टर पीपीई किट्स पहनकर काम करते हैं। वे सुरक्षा उपायों के प्रति भी पूरी तरह जागरूक होते हैं। ऐसे में वे संक्रमित कैसे हो जाते हैं? इस सवाल पर राजन शर्मा ने कहा कि अब तक हम केवल संपर्क में आने वाले कारकों की चर्चा करते रहे हैं। अब एयरोसोल से संक्रमण की जानकारी भी सामने आ रही है। जाहिर है कि ऐसी स्थिति में सांस के साथ किसी भी डॉक्टर के संक्रमित होने की आशंका हो सकती है। साथ ही अभी अनेक ऐसे कारक भी सामने आ सकते हैं, जिसके बारे में हमें अभी ठीक-ठीक जानकारी नहीं है।
दिल्ली नर्सेज फेडरेशन के अध्यक्ष एलडी रामचंद्रन ने बताया कि नर्सें संक्रमित लोगों के इलाज से सीधी तौर पर जुड़ी रहती हैं। यही कारण है कि उनके संक्रमित होने की संभावनाएं डॉक्टरों की तुलना में ज्यादा होती हैं। लेकिन पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में भारी संख्या में उनकी मौत भी हुई है। लेकिन अभी राष्ट्रीय स्तर पर उनकी जानकारी नहीं रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित लोगों के इलाज में लगी नर्सों के लिए विशेष पैकेज होना चाहिए और मौत की स्थिति में राष्ट्रीय स्तर पर एक मुआवजा राशि निर्धारित होनी चाहिए।
(18 सितंबर 2020 दोपहर 12 बजे तक की जानकारी)
| आंध्रप्रदेश | 43 |
| असम | 10 |
| बिहार | 24 |
| चंडीगढ़ | 03 |
| छत्तीसगढ़ | 04 |
| दिल्ली | 13 |
| गुजरात | 39 |
| हरियाणा | 07 |
| हिमाचल प्रदेश | 02 |
| जम्मू-कश्मीर | 01 |
| झारखंड | 04 |
| कर्नाटक | 42 |
| मध्यप्रदेश | 14 |
| महाराष्ट्र | 37 |
| मेघालय | 01 |
| ओडीशा | 09 |
| पुडुचेरी | 02 |
| पंजाब | 05 |
| राजस्थान | 07 |
| तमिलनाडु | 64 |
| तेलंगाना | 10 |
| उत्तर प्रदेश | 23 |
| पश्चिम बंगाल | 29 |
| कुल | 393 |