आज 31 जनवरी 2026, माघ माह शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी है। आज भारत और अरब विदेश मंत्रियों के बीच बैठक होगी। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल का दौरे पर हैं। इसके साथ ही शनिवार से सूरजकुंड मेले की शुरुआत भी होगी।
भारत और अरब विदेश मंत्रियों बैठक
भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सह-अध्यक्षता में भारत-अरब विदेश मंत्रियों का दूसरा सम्मेलन शनिवार को नई दिल्ली में होगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक में अरब लीग के सभी सदस्य देशों के विदेश मंत्री और अरब लीग के महासचिव भी हिस्सा लेंगे। भारत-अरब विदेश मंत्रियों की यह बैठक 10 साल के लंबे अंतराल के बाद हो रही है। पहला भारत-अरब विदेश मंत्री सम्मेलन 2016 में बहरीन में हुआ था। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
भारत पर्व 2026 का समापन समारोह
भारत पर्व 2026 का समापन समारोह शनिवार को शाम 5:30 बजे होगा। इसमें उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे। दरअसल, पर्यटन मंत्रालय गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में प्रतिवर्ष 26 से 31 जनवरी तक दिल्ली के लाल किले के सामने स्थित लॉन और ज्ञानपथ पर भारत पर्व का आयोजन करता है।
अमित शाह का पश्चिम बंगाल दौरा
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दो दिन के पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। शनिवार को वे बारासात में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं।
शिवराज सिंह का छत्तीसगढ़ दौरा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ जाएंगे। राजधानी रायपुर, दुर्ग और नया रायपुर में होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से वे किसानों से सीधा संवाद करेंगे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी टी20 मुकाबला
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी20 मैच शनिवार को खेला जाएगा। यह मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में 7 बजे से खेला जाएगा। भारत इस सीरीज में 3-1 की निर्णायक बढ़त पहले ही ले चुका है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
सूरजकुंड मेले की शुरुआत
शनिवार से फरीदाबाद में सूरजकुंड मेले की शुरुआत होगी। 16 दिन चलने वाले मेले का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे। इस दौरान केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे। इस शिल्प महोत्सव का समापन 15 फरवरी को होगा, जिसमें राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि होंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)