आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले की गौतमी नदी में शनिवार शाम को एक नाव पलट जाने के कारण उसमें सवार करीब 30 लोग डूब गए। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के अनुसार, इनमें से 23 को बचा लिया गया, जबकि 7 लोग अब भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नाव में अधिकतर छात्र सवार थे। गोदावरी नदी की सहायक नदी गौतमी में सालादीवारी पलेम से पासुवूलांखा जा रही नाव के निर्माणाधीन पुल के खंबे से टकराने के कारण ये हादसा हुआ।
नदी में बाढ़ के कारण पानी लहरें ले रही थी, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वो खंबे से टकराकर पलट गई। कुछ छात्रों ने खंबे पर चढ़कर खुद को बचा लिया, जबकि करीब 20 लोगों को मछुआरों, स्थानीय ग्रामीणों व पुल निर्माण में काम कर रहे कर्मचारियों ने बचा लिया।
अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय और राज्य की डिजास्टर रिस्पांस फोर्स के बचाव दल राजामहेंद्रवरम और विशाखापत्तनम से मौके पर भेजे गए हैं। उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री एन. चीना राजप्पा खुद बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।