उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में गुरुवार को हुए एक बम विस्फोट में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और तीन पुलिसकर्मियों सहित 13 अन्य घायल हो गए। जिला पुलिस अधिकारी ताहिर शाह ने बताया कि दक्षिण वजीरिस्तान जिले की वाना तहसील में एक टैक्सी स्टैंड के पास एक पुलिस गश्ती वाहन के पास इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट हुआ। कम से कम दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
ताहिर ने बताया कि विस्फोट और उसके बाद हुई गोलीबारी के बाद इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। घायलों को वाना मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) की ओर से नवंबर 2022 में सरकार के साथ संघर्ष विराम खत्म करने के बाद से पाकिस्तान में, खासकर कि खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में आतंकवादी हमलों में तेजी से वृद्धि देखी गई है।