दिल्ली में सोमवार को ऑड-ईवन नियम का पहला दिन था। पहले दिन 200 से ज्यादा चालान कटे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कुल 233 चालान काटे गए।
सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली की जनता ने ऑड-ईवन को अपनाया है। अभी तक लोगों ने इसका जबरदस्त पालन किया है। पहला दिन बेहद कामयाब रहा है।
बता दें कि राजधानी में सोमवार से वाहनों के लिए सम-विषम योजना लागू हो गई है। इसमें सीएनजी वाहनों को भी छूट नहीं दी गई है। इस दौरान सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या में कमी से सार्वजनिक
वाहनों में यात्रियों की भीड़ देखने को मिल रही है। यह योजना सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेगी।
भाजपा नेता विजय गोयल ने सम-विषम योजना का विरोध करने के लिए ऑड नंबर की गाड़ी लेकर निकले और चार हजार रुपये का चालान कटवाया। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल प्रदूषण के खिलाफ कदम उठाने से ज्यादा विज्ञापन पर खर्च कर रहे हैं।