नमस्कार! आज है रविवार, 23 अगस्त। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
आज 23 अगस्त 2026 को श्रावण माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी है। आज से विदेश मंत्री एस जयशंकर रूस के दौरे रहेंगे। इसके साथ ही ब्रिक्स देशों के युवा और खेल मामलों के मंत्रियों की बैठक भी होगी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर आज से दो दिन के आधिकारिक रूस दौरे पर रहेंगे। इस दौरान आईआरआईजीसी-टीईसी के 27वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे और अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ मुलाकात भी प्रस्तावित है। द्विपक्षीय चर्चा के दौरान भारत-रूस साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर भी मंथन होगा। इनमें व्यापार और निवेश, ऊर्जा और कनेक्टिविटी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और गतिशीलता भी शामिल हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
ब्रिक्स देशों की अध्यक्षता 2026 में भारत के पास है। इसी के तहत आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में ब्रिक्स देशों के युवा और खेल मामलों के मंत्रियों की बैठक हो रही है। दो दिवसीय कार्यक्रम में आज 11 सदस्य देशों के खेल मंत्री और प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोग अलग-अलग विषयों पर चर्चा करेंगे। बैठक का मकसद खेलों में सहयोग को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दोहराना है। 2026 में ब्रिक्स का विषय “लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” रखा गया है। यह लोगों पर केंद्रित और मानवता को प्राथमिकता देने वाले दृष्टिकोण को दिखाता है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज महाराष्ट्र के नागपुर में रहेंगे। गडकरी यहीं से सांसद भी हैं। गडकरी वाडा में जनता की शिकायतों के समाधान के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में नागरिकों को उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलने और बात रखने का मौका मिलेगा। जनता अपनी शिकायतें और मांगें भी रखेगी।