हैदराबाद में पुलिस ने शुक्रवार को आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के एक समर्थक को गिरफ्तार किया, जो कथित रूप से देश में गड़बड़ी फैलाने के फिराक में था। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय कोनाकल्ला सुब्रह्मण्यम उर्फ उमर आईएस के अन्य समर्थकों के साथ सोशल मीडिया के जरिये जुड़ा हुआ था।
हैदराबाद पुलिस द्वारा जारी बयान के मुताबिक, विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी प्राप्त होने के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) ने उमर को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल को भी जब्त किया गया है, जिसमें उसके द्वारा आईएस समर्थकों से संदिग्ध बातचीत का पता चला है। उमर पर राजद्रोह और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उमर आईएस समर्थकों से कथित रूप से फेसबुक, व्हाट्सएप, टेलीग्राम के जरिये संपर्क में था और मुंबई के आईएस समर्थक ग्रुप अबू काहफा अल-हिंदी से नियमित रूप से बात करता था। वह अबू काहफा अल-हिंदी की शह में देश में विद्रोही गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहता था। उससे पूछताछ में पता चला है कि उसने 2014 में इस्लाम स्वीकार किया था। बाद में वह गुजरात गया और वहां इस्लाम के बारे में ज्ञान प्राप्त किया। वह श्रीनगर और तमिलनाडु के कई क्षेत्रों समेत मुंबई भी जा चुका है।
आईएस समर्थक के खिलाफ चार्जशीट दायर
एनआईए ने हैदराबाद के ही एक आईएस समर्थक के खिलाफ अतिरिक्त चार्जशीट दायर की है। 22 वषीय इरफान उर्फ अबू जाफर को हैदराबाद आधारित आतंकी मॉड्यूल में कथित रूप में शामिल होने के आरोपों के तहत इस साल 17 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। वह आईएस के आठ अन्य समर्थकों के साथ जुड़ा हुआ था। एनआईए ने दावा किया है कि इरफान आतंकी मॉड्यूल में शामिल लोगों को ट्रेनिंग के लिए ठिकाने उपलब्ध कराता था।