कोरोना वायरस के कारण एक के बाद जान गंवा रहे लोगों की अंतिम विदाई भी किन बुरे हालातों में हो रही है, इसका नजारा आए दिन दिखने लगा है। महाराष्ट्र के अहमदनगर में एंबुलेंस में एक के ऊपर एक 12 लाशें रखकर श्मशान घाट पहुंचाए जाने का मामला अभी ज्यादा पुराना नहीं हुआ कि एक और ऐसा मामला सामने आ गया। गुरुवार देर रात छह शव एक के ऊपर एक एंबुलेंस में रखकर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचाए गए।
श्मशान घाट में छह शवों को एक के ऊपर एक रखकर जलाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम के कमिश्नर शंकर गोरे ने कहा कि एक साथ छह शवों को जलाना अमानवीय है। इस मामले की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पूर्व मंत्री और BJP नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।