कुछ ही दिनों में साल 2018 खत्म हो जाएगा। इस साल हुई अजीबों गरीब घटनाएं लोग शायद ही कभी भूल पाएंगे। चाहे फिर बार मोमो चैलेंज की करें या फिर ब्लू वेल गेम और चोटी कटने वाली वारदातों की। आज 2018 में हुई ऐसी ही घटनाओं के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं। इन घटनाओं में कुछ मोबाइल गेम भी हैं, जिन्होंने बहुत से घरों के चिराग बुझा दिए। और परिवारों को बहुत सी चिताओं ने घेर लिया। चलिए शुरुआत करते हैं मोमो चैलेंज से-
मोमो चैलेंज
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में स्थित कुर्सेओंग में एक 18 साल के लड़के ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। जिस कमरे में उसने ये सब किया वहां की दीवार पर कुछ शब्द भी लिखे मिले जैसे 'इल्लुमिनाति' (खुद को प्रबुद्ध होने का दावा करने वाला व्यक्ति), 'हैंग्ड मैन' (फांसी पर लटका आदमी) और 'डैविल्स वन आई' (शैतान की एक आंख)।
इसके बाद लड़के के माता पिता ने इस बात की शिकायत गुरुवार को पुलिस में की। पुलिस का कहना था कि वह इस बात की जांच करेंगे कि कहीं वो किसी ऑनलाइन गेम का तो शिकार नहीं हुआ। जांच करने पर पता चला कि वो मोमो चैलेंज का शिकार हुआ था। वहीं कई किशोरों ने ब्लू वेल गेम के चलते भी अपनी जान दी। लेकिन फिर भी बच्चे तक गेम का लिंक कैसे पहुंचा ये जानने में पुलिस नाकाम रही।
12वीं में पढ़ने वाला मनीष सारकी कॉमर्स का छात्र था। वह 20 अगस्त की रात अपने घर से कुछ दूरी पर बने एक लाइवस्टॉक शेड में लटका हुआ मिला। वह 20 अगस्त को ही लापता हुआ था। दीवार पर मेटल शब्द और एक लड़की का नाम भी लिखा मिला। इन सबसे ऐसा लग रहा था कि उसने खुद को ऑनलाइन गेम से मिल रहे निर्देशों के मुताबिक मारा।
कक्षा में भी कई बच्चे खेलते थे मोमो गेम
सारकी के कजिन ने बताया कि उसने फंदे पर लटके हुए एक आदमी की फोटो देखी थी जिसे सारकी ने अपने फोन के मोमो ऐप में बनाया था। वही गेम उसकी आत्महत्या का कारण है। वहीं उसके एक दोस्त ने बताया कि वह अपने फोन को जब भी इस्तेमाल करता था तो दूसरों से छिपाता था।
लड़के की अध्यापिका का कहना है कि उसी की तरह उसके कई दोस्त भी मोमो गेम खेलते थे लेकिन बाद में उन्होंने इसे खुद ही खेलना बंद कर दिया। सारकी की मां का कहना है, 'वह काफी मेहनती और सीधा-साधा लड़का था। वह ऑनलाइन गेम खेलता था। मुझे पूरा विश्वास है कि मोमो चैलेंज ने ही उसे हमसे छीना है।'
इससे पहले अजमेर में भी 31 जुलाई को 15 साल की छवि शर्मा ने अपनी जान ले ली थी। उसकी मौत के पीछे की वजह भी मोमो चैलेंज बताई गई।